बर्लिन. करीब 1800 साल से एक नदी में दबे 5,500 से अधिक चांदी के सिक्के वैज्ञानिकों के हाथ में हैं। पुरातत्वविदों ने सिक्कों की खोज जर्मनी के ऑग्सबर्ग में की है। सिक्के रोमन साम्राज्य के समय के हैं. ये साम्राज्य के कोने-कोने तक और बाहरी इलाकों तक भी पहुंच रहे थे। जर्मनी में टुबिंगन विश्वविद्यालय में प्राचीन मुद्राशास्त्र के प्रोफेसर स्टीफेन क्रमनिसेक ने बताया कि ये सिक्के ‘डेनरी’ हैं जो पहली से तीसरी शताब्दी के दौरान मानक चांदी का मूल्यवर्ग था। लाइव साइंस की रिपोर्ट के मुताबिक पुरातत्वविदों को इस साल की शुरुआत में एक पुरानी नदी की गहराई में यह ढेर मिला था। खोदे गए गड्ढे में सिक्के बिखरे हुए थे इसलिए यह पता नहीं चल पाया कि उन्हें मूल रूप से कैसे रखा गया होगा। क्रमनिसेक ने कहा कि छिपाने की जगह शायद कई सदियों बाद वर्टच नदी की बाढ़ में बह गई होगी जिसकी वजह से सिक्के नदी में बिखर गए। माना जा रहा है कि इस ढेर का सबसे नया सिक्का तीसरी शताब्दी की शुरुआत में ढाला गया था।