रांची। धोनी का एक फैन करीब 1436 किलोमीटर पैदल चलकर उनसे मिलने रांची पहुंच गया। हरियाणा का रहने वाला अजय गिल तीन महीने पहले भी रांची गया था, लेकिन तब धोनी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 में हिस्सा लेने के लिए युनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) में थे। पिछली बार यह दूरी 16 दिन में तय करने वाले अजय ने इस बार 18 दिन में यह दूरी तय की। इस बार अजय की मुलाकात धोनी से हो गई। धोनी ने अपने इस फैन को मुलाकात के लिए समय दिया। उसे लौटने के लिए फ्लाइट की टिकट दी। ऑटोग्राफ दिया। सेल्फी क्लिक कराई और अपने फार्म हाउस पर उसके रुकने की व्यवस्था भी करवाई। एक वेबसाइट से बात करते हुए अजयने कहा कि मैंने शपथ ली थी कि जब तक धोनी अपना आशीर्वाद नहीं देंगे, वह क्रिकेट नहीं खेलेगा। अजय ने बताया कि 15 अगस्त 2020 को जब धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था, तब उसने भी क्रिकेट खेलना छोड़ दिया था। अजय ने कहा कि अब उसका सपना है कि वह टीम इंडिया में जगह बनाए।