खैरागढ़। प्रदेशभर के धान खरीदी केंद्रों में किसानों से जबरन हमाली शुल्क वसूली को लेकर राजनैतिक हलचल तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत के निर्देश पर खैरागढ़ की विधायक श्रीमती यशोदा नीलांबर वर्मा ने तत्काल रोक लगाने और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
डॉ. महंत के पत्र में बताया गया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में किसानों पर दो तरह का दबाव बनाया जा रहा है। उन्हें या तो सोसायटी के बोरे में धान भरकर लाने को कहा जा रहा है या 7.50 रूपये प्रति क्विंटल (3 रूपये प्रति कट्टा) के हिसाब से नकद हमाली शुल्क देने को मजबूर किया जा रहा है। किसानों का आरोप है कि शुल्क न देने पर उनका धान स्वीकार नहीं किया जा रहा, जिससे वे आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान हैं।
डॉ. महंत ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार पहले से ही बोरा भराई, तौल, सिलाई, छपाई, लोडिंग व स्टैकिंग जैसे कार्यों के लिए 22.05 रूपये प्रति क्विंटल मंडी लेबर चार्ज निर्धारित कर चुकी है, जो पूरी तरह राज्य सरकार की एजेंसियों को जाता है। ऐसे में अलग से शुल्क वसूलना अवैधानिक और अनैतिक है।
किसानों की शिकायतों के बाद जालबांधा समिति के सदस्यों के साथ विधायक यशोदा वर्मा स्वयं खरीदी केंद्र पहुँचीं। निरीक्षण के दौरान किसानों ने बताया कि कई जगह बोरे का वजन 41-42 किलो तक लिया जा रहा है, जिससे उनका सीधा नुकसान हो रहा है।
विधायक ने मौके पर ही बोरे की तलवाई करवाई और पाया कि कई बोरे निर्धारित वजन से अधिक निकले। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि इस तरह की गड़बड़ियां किसानों की मेहनत पर सीधा प्रहार हैं।
विधायक यशोदा वर्मा ने कहा कि किसानों से अवैध वसूली किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि हमाली शुल्क वसूली पर तुरंत रोक लगाई जाए, खरीदी केंद्रों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और सोसायटियों को अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाने के निर्देश दिए जाएँ।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि गैंदलाल कुर्रे, जनपद सदस्य भुखन बंजारे, अशोक साहू, नरेश वर्मा, शुभम वर्मा, माधव बंजारे, खुमान वर्मा और रामेशर साहू सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान उपस्थित रहे।

ताज़ा ख़बर :
- डोंगरगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अवैध अंग्रेजी शराब के साथ आदतन अपराधी गिरफ्तार
- आईटीआई बालिका छात्रावास में चोरी : खिड़कियों के फ्रेम ले उड़े चोर, लालबाग पुलिस ने एक को दबोचा
- लालबाग पुलिस ने अवैध शराब बिक्री करने वाले को धर-दबोचा, 35 पौवा शराब जब्त
- मस्ती की पाठशाला : पारंपरिक खेलों और जुम्बा की मस्ती में डूबा संस्कारधानी का बचपन
- घुमका चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर : ‘नगर पंचायत कांग्रेस ने बनाया, कांग्रेस ही संवारेगी’
- दिग्विजय कॉलेज की अव्यवस्थाओं पर एबीवीपी ने खोला मोर्चा, विधानसभा अध्यक्ष से प्राचार्या को हटाने की मांग
- राजनांदगांव में गूंजा ‘महाराणा प्रताप अमर रहें’, हिंदू जागरण मंच ने आरके नगर चौक में मनाई जयंती
- मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत जिले में 46 जोड़े बने एक-दूसरे के जीवनसाथी
