राजनांदगांव। नवरात्रि के पावन अवसर पर मां बम्लेश्वरी मंदिर, डोंगरगढ़ में दर्शन के लिए प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पदयात्रा करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने आज अधिकारियों के साथ अंजोरा से डोंगरगढ़ तक लगभग 61.8 किलोमीटर लंबे मार्ग का निरीक्षण किया।
निरीक्षण में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, डीएसपी अलेक्जेंडर किरो और यातायात प्रभारी नवरतन कश्यप भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मार्ग में पड़ने वाले प्रमुख चौक-चौराहों, पड़ाव स्थलों और भीड़ वाले संभावित स्थानों का जायजा लिया।
इस दौरान स्टॉपर्स, बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन, प्रकाश व्यवस्था और रूट मैनेजमेंट की तैयारियों की समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही तुमड़ीबोड़ मार्ग से आने वाले पदयात्रियों के लिए भी योजना तैयार की गई।
पदयात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए इस वर्ष रेडियम बेल्ट और रिफ्लेक्टर स्टिकर वितरित किए जाएंगे। श्रद्धालु इन्हें अपने बैग या शर्ट पर लगाएंगे, जिससे रात में वाहन चालकों के लिए उन्हें देख पाना आसान होगा और दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अंजोरा ग्राम से आगे मार्ग को वन-वे किया जाएगा। मार्ग का एक हिस्सा विशेष रूप से पदयात्रियों के लिए सुरक्षित रखा जाएगा। इसके अलावा, पड़ोसी जिलों दुर्ग और महाराष्ट्र के गोंदिया पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि अंतरजिला मार्गों पर भी यातायात व्यवस्थित रहे।
पुलिस ने बताया कि 16 मार्च को संपूर्ण पुलिस बल और स्टॉपर्स के साथ रियल-टाइम रिहर्सल किया जाएगा, जिससे ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्व स्पष्ट रूप से पता चलेंगे और किसी भी कमी को नवरात्रि शुरू होने से पहले दूर किया जा सकेगा।
अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, सड़क के निर्धारित हिस्से पर चलें और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें, ताकि सभी श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से माँ बम्लेश्वरी के दर्शन कर सकें।

ताज़ा ख़बर :
- डोंगरगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अवैध अंग्रेजी शराब के साथ आदतन अपराधी गिरफ्तार
- आईटीआई बालिका छात्रावास में चोरी : खिड़कियों के फ्रेम ले उड़े चोर, लालबाग पुलिस ने एक को दबोचा
- लालबाग पुलिस ने अवैध शराब बिक्री करने वाले को धर-दबोचा, 35 पौवा शराब जब्त
- मस्ती की पाठशाला : पारंपरिक खेलों और जुम्बा की मस्ती में डूबा संस्कारधानी का बचपन
- घुमका चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर : ‘नगर पंचायत कांग्रेस ने बनाया, कांग्रेस ही संवारेगी’
- दिग्विजय कॉलेज की अव्यवस्थाओं पर एबीवीपी ने खोला मोर्चा, विधानसभा अध्यक्ष से प्राचार्या को हटाने की मांग
- राजनांदगांव में गूंजा ‘महाराणा प्रताप अमर रहें’, हिंदू जागरण मंच ने आरके नगर चौक में मनाई जयंती
- मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत जिले में 46 जोड़े बने एक-दूसरे के जीवनसाथी
