राजनांदगांव। नगर पालिक निगम द्वारा शहर में आयोजित किए जा रहे समस्या निवारण एवं मांग आवेदन शिविरों (सुशासन तिहार) पर राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस नेता आसिफ अली ने इन शिविरों की सार्थकता पर गंभीर सवाल उठाते हुए इसे महज एक दिखावा और जनता की आंखों में धूल झोंकने वाला अभियान करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम प्रशासन जनसमस्याओं को सुलझाने के बजाय केवल आंकड़ों की बाजीगरी करने में जुटा है।
आसिफ अली ने पिछले वर्ष के आंकड़ों को सार्वजनिक करते हुए निगम की कार्यप्रणाली पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में आयोजित शिविरों के दौरान कुल 3593 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें 3002 आवेदन विभिन्न मांगों से संबंधित थे, जबकि 591 आवेदन शिकायतों के थे।
हैरानी की बात यह है कि निगम के रिकॉर्ड में एक भी आवेदन लंबित नहीं दिखाया जा रहा है। आसिफ अली ने तंज कसते हुए कहा कि, अगर एक भी शिकायत लंबित नहीं है, तो फिर शहर की गलियों और मोहल्लों में समस्याएं जस की तस क्यों हैं? निगम ने फाइलों में तो शिकायतों का अंबार खत्म कर दिया, लेकिन धरातल पर जनता आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि निगम प्रशासन ने अधिकांश शिकायतों का निराकरण सिर्फ कागजी खानापूर्ति के माध्यम से कर दिया है। उन्होंने कहा कि जनता की बुनियादी मांगें आज भी अधूरी हैं और लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। ऐसे में भारी-भरकम खर्च कर आयोजित किए जा रहे इन शिविरों का कोई औचित्य नहीं रह जाता।
आसिफ अली ने निगम प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि वह कागजी दावों को छोड़कर वास्तविक धरातल पर आकर काम करे। उन्होंने मांग की है कि प्राप्त आवेदनों पर क्या कार्रवाई हुई, इसकी वार्ड स्तर पर समीक्षा की जाए ताकि जनता को शिविरों का वास्तविक लाभ मिल सके।

ताज़ा ख़बर :
- डोंगरगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अवैध अंग्रेजी शराब के साथ आदतन अपराधी गिरफ्तार
- आईटीआई बालिका छात्रावास में चोरी : खिड़कियों के फ्रेम ले उड़े चोर, लालबाग पुलिस ने एक को दबोचा
- लालबाग पुलिस ने अवैध शराब बिक्री करने वाले को धर-दबोचा, 35 पौवा शराब जब्त
- मस्ती की पाठशाला : पारंपरिक खेलों और जुम्बा की मस्ती में डूबा संस्कारधानी का बचपन
- घुमका चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर : ‘नगर पंचायत कांग्रेस ने बनाया, कांग्रेस ही संवारेगी’
- दिग्विजय कॉलेज की अव्यवस्थाओं पर एबीवीपी ने खोला मोर्चा, विधानसभा अध्यक्ष से प्राचार्या को हटाने की मांग
- राजनांदगांव में गूंजा ‘महाराणा प्रताप अमर रहें’, हिंदू जागरण मंच ने आरके नगर चौक में मनाई जयंती
- मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत जिले में 46 जोड़े बने एक-दूसरे के जीवनसाथी
