राजनांदगांव। नगर निगम सभागृह में तीन कर्मचारियों को सेवानिवृत्त होने पर गरिमामय विदाई दी गई। अपने अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए राजस्व उपनिरीक्षक गणितराम ठाकुर, ईश्वर माटे और पेंशन लिपिक तिजऊराम को निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे और राजस्व अधिकारी राजेश तिवारी की उपस्थिति रही। तीनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शाल, श्रीफल, माला पहनाकर सम्मानित किया गया और उन्हें अवकाश नगदीकरण का चेक भी प्रदान किया गया।
आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने कहा कि तीनों कर्मचारियों ने करीब 30 से 35 साल की सेवा नगर निगम को दी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम एक बहुआयामी संस्था है, जहां जल, विद्युत, लोककर्म, स्वास्थ्य और राजस्व जैसे क्षेत्रों में काम करने का अनुभव मिलता है।
उन्होंने कर्मचारियों से कहा, स्थिति कैसी भी हो, हमारा कर्तव्य हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने जिस निष्ठा और समर्पण से काम किया है, वह दूसरों के लिए उदाहरण है।
आयुक्त ने सभी कर्मचारियों को यह सीख लेने की बात कही कि ईमानदारी और लगन से काम करने वाले कर्मचारी ही सम्मान के साथ सेवानिवृत्त होते हैं। उन्होंने पेंशन और अन्य लंबित प्रकरणों के शीघ्र निपटान का आश्वासन भी दिया।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने मंच से अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि पहले निगम में सुविधाएं सीमित थीं, लेकिन उसके बावजूद उन्होंने पूरी निष्ठा से कार्य किया। उन्होंने कहा कि अगर आप अच्छा काम करेंगे, तो उसकी पहचान जरूर होगी। राजस्व विभाग के साथियों को उन्होंने बेहतर वसूली के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे और राजस्व अधिकारी राजेश तिवारी ने भी अपने वक्तव्य में कहा कि इन कर्मचारियों की बेदाग सेवा हम सभी के लिए प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम का संचालन और आभार प्रदर्शन प्रभारी कार्यालय अधीक्षक नारायण यादव ने किया। समारोह में नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

ताज़ा ख़बर :
- डोंगरगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अवैध अंग्रेजी शराब के साथ आदतन अपराधी गिरफ्तार
- आईटीआई बालिका छात्रावास में चोरी : खिड़कियों के फ्रेम ले उड़े चोर, लालबाग पुलिस ने एक को दबोचा
- लालबाग पुलिस ने अवैध शराब बिक्री करने वाले को धर-दबोचा, 35 पौवा शराब जब्त
- मस्ती की पाठशाला : पारंपरिक खेलों और जुम्बा की मस्ती में डूबा संस्कारधानी का बचपन
- घुमका चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर : ‘नगर पंचायत कांग्रेस ने बनाया, कांग्रेस ही संवारेगी’
- दिग्विजय कॉलेज की अव्यवस्थाओं पर एबीवीपी ने खोला मोर्चा, विधानसभा अध्यक्ष से प्राचार्या को हटाने की मांग
- राजनांदगांव में गूंजा ‘महाराणा प्रताप अमर रहें’, हिंदू जागरण मंच ने आरके नगर चौक में मनाई जयंती
- मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत जिले में 46 जोड़े बने एक-दूसरे के जीवनसाथी
