राजनांदगांव। कलेक्टर मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के मार्गदर्शन में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित ‘प्रोजेक्ट सम्बल’ दिव्यांगजनों के जीवन में नया उजाला लेकर आ रहा है। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत कहेगांव में एक विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कहेगांव और टोहे ग्राम के कुल 15 दिव्यांगजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस तीन दिवसीय व्यावहारिक प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को व्यावहारिक कौशल प्रदान कर उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।
शिविर में धमतरी से विशेष तौर पर आईं प्रशिक्षक हितेश्वरी निषाद ने प्रतिभागियों को दैनिक उपयोग की वस्तुएं जैसे साबुन, लिक्विड हैंडवॉश और फिनाइल बनाने की आधुनिक एवं आसान विधियों की जानकारी दी। उन्होंने हर एक प्रक्रिया का लाइव डेमो देकर प्रतिभागियों से भी अभ्यास कराया, ताकि वे भविष्य में इसे अपनी आजीविका का मुख्य साधन बना सकें।
प्रोजेक्ट सम्बल के तहत यह पहल दिव्यांगजनों को उनकी क्षमताओं के अनुरूप कौशल विकास के माध्यम से आत्मसम्मान और स्वावलंबन का जीवन जीने का अवसर दे रही है।
यह प्रेरणादायक कार्यक्रम समाज कल्याण विभाग के उप संचालक अखिलेश्वर तिवारी के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के सफल संचालन में समन्वयक मौसमी बघेल, उप समन्वयक ज्ञान दास साहू और सहायक अमित देशमुख ने सक्रिय भूमिका निभाई।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत कहेगांव की सरपंच निर्मला सहित पंचायत के अन्य सम्मानित सदस्य भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में जन कल्याण सामाजिक संस्थान (राजनांदगांव), कहेगांव के ‘दिव्य स्व सहायता समूह’ तथा ग्राम टोहे के ‘सहेली स्व सहायता समूह’ की सहभागिता सराहनीय रही।

