राजनांदगांव। विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर गुरुवार को नगर निगम सीमा क्षेत्र के सार्वजनिक शौचालयों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। निगम के स्वास्थ्य अमले ने शहर के शौचालयों की साफ-सफाई की और केयर टेकरों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इस दौरान शौचालय उपयोग करने वालों और आसपास के नागरिकों को खुले में शौच न करने तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।
निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने पेण्ड्री स्थित मेडिकल कॉलेज के पास निर्मित आकांक्षी शौचालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए केयर टेकर को नियमित साफ-सफाई के साथ पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
महिलाओं, बच्चों और दिव्यांगजनों की सुविधा पर विशेष जोर
आयुक्त ने शौचालय में जल आपूर्ति, बिजली व प्रकाश व्यवस्था, हाथ धोने की सुविधा और मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं हर समय उपलब्ध रखने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए किए गए प्रावधानों पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही स्वास्थ्य अमले को निगम क्षेत्र के सभी सार्वजनिक शौचालयों की प्रतिदिन नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

