राजनांदगांव। शहर की वरिष्ठ साहित्यकार एवं लेखिका आभा श्रीवास्तव को साहित्य के क्षेत्र में उनके निरंतर योगदान और रचनात्मक लेखन के लिए ‘अटल-मोदी साहित्य सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान माँ महामाया साहित्यिक संस्थान, बिलासपुर (छत्तीसगढ़) की ओर से प्रदान किया गया। इस उपलब्धि से साहित्यिक जगत में राजनांदगांव का गौरव बढ़ा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर प्रकाशित अंतरराष्ट्रीय साझा साहित्यिक संकलन ‘राष्ट्र पुरुष अटल जी और मोदी जी’ में भी आभा श्रीवास्तव की कविता को स्थान दिया गया है। इस संकलन में देश-विदेश के अनेक साहित्यकारों की रचनाएं शामिल हैं। उनकी कविता का इस साझा संकलन में प्रकाशित होना उनके साहित्यिक लेखन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इस साहित्यिक आयोजन में डॉ. विनय पाठक, कुलपति थावे विश्वविद्यालय, बिहार एवं छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के पूर्व अध्यक्ष, संस्थान के अध्यक्ष भूपेन्द्र श्रीवास्तव तथा उपाध्यक्ष मनोज पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सम्मान समारोह केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव, अमर अग्रवाल और धरमलाल कौशिक की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
आभा श्रीवास्तव की साहित्यिक यात्रा भी उल्लेखनीय रही है। उनकी अब तक 13 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। उनकी रचनाओं का आकाशवाणी से 30 बार प्रसारण हो चुका है। दूरदर्शन और विभिन्न टेलीविजन चैनलों पर भी उनका कविता पाठ प्रसारित होता रहा है। साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए उन्हें अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से नवाजा जा चुका है। वे साप्ताहिक समाचार पत्र ‘उजला आकाश’ की संपादक भी हैं।

