डोंगरगढ़। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल प्रदाय योजना के तहत कन्या हाई स्कूल लाल बहादुर नगर की कक्षा 9वीं में अध्ययनरत 90 छात्राओं को साइकिल वितरण किया गया। इस मौके पर छात्राओं के चेहरों पर खुशी देखते ही बन रही थी। सभी ने साइकिल पाकर पढ़ाई जारी रखने का संकल्प लिया।
साइकिल वितरण कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष देवेंद्र साहू, मंडल अध्यक्ष मनोज कांडे, नगर पंचायत उपाध्यक्ष छबीधर साहू, मंडल महामंत्री हेमलाल वर्मा, पार्षद उषा यदु, शाला विकास समिति के सदस्य शिवेंद्र धनकर, प्रेमलता यदु एवं नमिता देवांगन मौजूद रहे। विद्यालय प्राचार्य और समस्त शिक्षकों की उपस्थिति में कार्यक्रम पूर्ण गरिमा के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष देवेंद्र साहू और मंडल अध्यक्ष मनोज कांडे ने कहा कि यह योजना पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में शुरू की गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को शिक्षा से जोड़कर उन्हें सशक्त बनाना है।
उन्होंने कहा कि कई छात्राएं दूर-दराज से स्कूल आती हैं। साइकिल मिलने से अब वे नियमित रूप से स्कूल आ सकेंगी और पढ़ाई में पिछड़ने का खतरा नहीं रहेगा।
अधिकारियों ने कहा कि यह योजना न केवल शिक्षा की निरंतरता बनाए रखने में मददगार है, बल्कि छात्राओं में आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास भी बढ़ाती है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे पढ़ाई में मन लगाएं और उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर हों।
साइकिल पाने वाली छात्राओं ने बताया कि पहले उन्हें कई किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल आना पड़ता था। इससे थकान होती थी और पढ़ाई पर असर पड़ता था। अब साइकिल मिलने से समय की बचत होगी और वे बेहतर तरीके से पढ़ाई कर सकेंगी।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्राचार्य ने अतिथियों और समाजजनों का आभार जताते हुए कहा कि इस योजना से गांव की बेटियों को नया हौसला मिला है।

ताज़ा ख़बर :
- डोंगरगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अवैध अंग्रेजी शराब के साथ आदतन अपराधी गिरफ्तार
- आईटीआई बालिका छात्रावास में चोरी : खिड़कियों के फ्रेम ले उड़े चोर, लालबाग पुलिस ने एक को दबोचा
- लालबाग पुलिस ने अवैध शराब बिक्री करने वाले को धर-दबोचा, 35 पौवा शराब जब्त
- मस्ती की पाठशाला : पारंपरिक खेलों और जुम्बा की मस्ती में डूबा संस्कारधानी का बचपन
- घुमका चुनाव के लिए कांग्रेस ने कसी कमर : ‘नगर पंचायत कांग्रेस ने बनाया, कांग्रेस ही संवारेगी’
- दिग्विजय कॉलेज की अव्यवस्थाओं पर एबीवीपी ने खोला मोर्चा, विधानसभा अध्यक्ष से प्राचार्या को हटाने की मांग
- राजनांदगांव में गूंजा ‘महाराणा प्रताप अमर रहें’, हिंदू जागरण मंच ने आरके नगर चौक में मनाई जयंती
- मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत जिले में 46 जोड़े बने एक-दूसरे के जीवनसाथी
