राजनांदगांव। दीपावली त्यौहार को ध्यान में रखते हुए नगर निगम प्रशासन शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर अलर्ट मोड पर आ गया है। सोमवार सुबह नगर निगम आयुक्त श्री जी.आर. मरकाम ने शहर के भीतरी एवं बाहरी क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और सफाई दरोगाओं को निर्धारित समय तक पूरे शहर में मुस्तैदी से सफाई कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने नागरिकों और व्यापारियों से भी शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग की अपील की।
दोपहर 1 बजे तक संपूर्ण सफाई करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान आयुक्त श्री मरकाम ने सीधे सफाई कर्मियों और स्वच्छता निरीक्षकों से रूबरू होकर कहा कि त्यौहार के समय सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट हिदायत दी:
कर्मचारियों की छुट्टी पर रोक: स्वच्छता निरीक्षक, सफाई दरोगा और वार्ड चपरासी यह सुनिश्चित करें कि सभी कर्मचारी निर्धारित समय तक मैदान में रहकर काम करें। बिना किसी ठोस कारण के किसी भी कर्मचारी को छुट्टी न दी जाए।
समय सीमा: सभी वार्डों और मुख्य मार्गों पर दोपहर 1 बजे तक सफाई कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाए।
मुक्कड़ों व नालियों की सफाई: शहर के कचरा संवेदनशील स्थानों (मुक्कड़ों) पर कचरा एकत्रित न रहने पाए। इसके अलावा छोटे-बड़े नालों और नालियों की नियमित सफाई की जाए ताकि जलभराव या गंदगी की स्थिति न बने।
घर और दुकानों का कचरा नालियों व सड़कों पर न फेंकने की अपील
आयुक्त ने कहा कि दीपावली त्यौहार के कारण वर्तमान में सभी घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई का दौर जारी है, जिससे सामान्य दिनों की तुलना में अधिक कचरा निकल रहा है। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे आम जनता और व्यापारियों को जागरूक करें:
कचरा केवल निर्धारित स्थल या नगर निगम की कचरा गाड़ी में ही डालें।
कचरे को नालियों में बिल्कुल न बहाएं।
व्यापारी दुकान बंद करने के बाद सड़क पर कचरा न फैलाएं, बल्कि उसे एक स्थान पर एकत्रित कर सुबह आने वाली कचरा गाड़ी को सौंपें।
जय स्तंभ चौक पर पसरा व्यापारियों को दिया सुगम यातायात का विकल्प
स्वच्छता के साथ-साथ शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिकोण से आयुक्त श्री मरकाम ने जय स्तंभ चौक का भी जायजा लिया। उन्होंने चौक पर पसरा (अस्थाई दुकानें) लगाने वाले विक्रेताओं को समझाइश दी कि वे मुख्य मार्ग व चौक को बाधित न करें और फ्लाई ओवर के नीचे निर्धारित स्थान पर ही अपना पसरा लगाएं, ताकि त्यौहार के सीजन में आम जनता को आवाजाही में परेशानी न हो।
निगम आयुक्त ने कर्मचारियों को ताकीद करते हुए कहा कि “सफाई हमारी महती जिम्मेदारी है, इसका ईमानदारी से निर्वहन करें और नागरिकों को भी इस अभियान से जोड़ें।”

