राजनांदगांव। शासकीय कामकाज को अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से शनिवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कलेक्टर जितेन्द्र यादव की अध्यक्षता में हुई इस कार्यशाला में जिले के सभी विभाग प्रमुखों को ई-ऑफिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और आईगॉट कर्मयोगी के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी गई।
फाइलों की प्राथमिकता तय कर शीघ्र करें निराकरण
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से शासकीय कार्यों में तेजी लाने के साथ काम की गुणवत्ता भी सुधारी जा सकती है। उन्होंने बताया कि एआई की मदद से ई-ऑफिस के कार्यों को अधिक आसान और व्यवस्थित किया जा सकता है। एआई के जरिए महत्वपूर्ण व अत्यावश्यक फाइलों की पहचान कर प्राथमिकता तय करने, समय-सीमा वाले मामलों की निगरानी करने और लंबित फाइलों के जल्द निराकरण में सहायता मिलती है। उन्होंने निर्देश दिए कि ई-ऑफिस की फाइलों पर नियमित कार्रवाई हो और किसी भी स्तर पर अनावश्यक रूप से फाइलें लंबित न रहें।
दस्तावेज संधारण व ऑनलाइन प्रशिक्षण पर चर्चा
कार्यशाला में ई-ऑफिस प्रणाली के तहत फाइल बनाने, प्राप्त करने, अग्रेषित करने, नोटशीट व ड्राफ्ट तैयार करने तथा पार्क एवं क्लोज विकल्पों के उपयोग सहित दस्तावेजों के व्यवस्थित संधारण की प्रक्रिया समझाई गई। एआई के माध्यम से पत्राचार, दस्तावेज प्रारूप तैयार करने और सूचनाओं के विश्लेषण के बारे में भी बताया गया। साथ ही आईगॉट कर्मयोगी पोर्टल के जरिए अधिकारियों-कर्मचारियों की क्षमता संवर्धन व ऑनलाइन कोर्सेस की जानकारी दी गई।
अधीनस्थों को भी दें प्रशिक्षण
कलेक्टर ने विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि वे कार्यशाला में मिली जानकारी का अपने दफ्तरों में प्रभावी उपयोग करें और अधीनस्थ कर्मचारियों को भी प्रशिक्षित करें। उन्होंने कहा कि तकनीक के बेहतर इस्तेमाल से प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और गति आएगी, जिससे आमजन को समय पर शासकीय सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। कार्यशाला में जिला पंचायत सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी, अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

