राजनांदगांव। दीपावली पर्व के मद्देनजर राजनांदगांव नगर निगम ने शहर के नागरिकों को बड़ा उपहार दिया है। वार्डों में पर्याप्त विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने, अंधेरे से मुक्ति दिलाने और दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों को रोशन करने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। अब तक शहर के 51 वार्डों में लगभग 1000 नई एलईडी लाइटें लगाई जा चुकी हैं, वहीं 1500 से अधिक खराब लाइटों की मरम्मत की गई है।
महापौर की पहल पर पार्षद निधि से खरीदी गईं लाइटें
महापौर मधुसूदन यादव की पहल पर पार्षद निधि से लाइट खरीदने की शासन अनुमति मिलने के बाद विभागीय प्रक्रिया पूरी की गई। इसके तहत पार्षदों की अनुशंसा के अनुसार वार्डों में नई लाइटें लगाने और पुरानी खराब लाइटों को बदलने का कार्य तेजी से चल रहा है।
दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों व मुख्य चौराहों पर फोकस और हाईमास्ट लाइटें
महापौर व निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम की पहल पर शहर के मुख्य मार्गों, चौराहों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रेवाड़ीह चौक जैसे संवेदनशील स्थान पर, जहां दुर्घटनाओं की संभावना अधिक रहती है, वहां नया हाईमास्ट लाइट लगाया गया है। इसके अलावा शहर के अन्य प्रमुख चौक-चौराहों में भी हाईमास्ट और फोकस लाइटें स्थापित की गई हैं।
नेशनल हाईवे और डिवाइडेरों का कायाकल्प
मुख्य मार्गों के डिवाइडर में लगे पुराने पोल निकालकर नए ट्यूबलर पोल लगाए गए हैं। वहीं नेशनल हाईवे रोड पर पारीनाला चौक से ट्रांसपोर्ट नगर चौक तक की पुरानी लाइटों को बदलकर 150 वाट की लगभग 300 नई शक्तिशाली लाइटें लगाई गई हैं।
1500 से अधिक खराब लाइटों की हुई मरम्मत
वार्डों में विद्युत व्यवस्था दुरुस्तीकरण के तहत अब तक 51 वार्डों में आवश्यकता अनुसार 60 एवं 70 वाट की नई एलईडी लाइटें लगाई जा चुकी हैं। निगम प्रशासन का प्रयास है कि त्योहार से पहले शेष खराब लाइटों की मरम्मत का काम पूरा कर लिया जाए ताकि पूरा शहर दिवाली पर रोशनी से सराबोर रहे।

