राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले में दीपावली के पावन पर्व के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में थाना बोरतलाव पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पिनियाजोब डैम के पास जुआ खेल रहे 3 आरोपियों को रंगे हाथों धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन और ताश के पत्तों समेत कुल 26,090 रुपये की मशरूका जब्त की है।
डैम के पास चल रहा था जुए का फड़
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और एसडीओपी केशरी नंदन नायक के मार्गदर्शन में जिले में असामाजिक तत्वों, गुंडा-बदमाशों और जुआरियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी में 7 नवंबर 2026 को ग्राम भ्रमण और गस्त के दौरान थाना बोरतलाव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग पिनियाजोब डैम के पास पैसों का दांव लगाकर ताश पत्ती से हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने गवाहों को साथ लेकर मौके पर दबिश दी और चारों तरफ से घेराबंदी कर जुआरियों को दबोच लिया।
बरामद की गई कुल सामग्री और राशि
मौके पर पकड़े गए आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके पास और फड़ से कुल 11,090 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश, 1 नग बोरी फटी (बैठने के लिए) और 2 नग मोबाइल फोन (कीमत करीब 15,000 रुपये) बरामद किए गए। जप्त की गई कुल सामग्री की कीमत 26,090 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
मनीष वर्मा (24 वर्ष) पिता जगेश्वर प्रसाद वर्मा, निवासी ठाकुरटोला, थाना बोरतलाव
भुनेश्वर मंडावी (32 वर्ष) पिता रूपसिंह, निवासी ठाकुरटोला, थाना बोरतलाव
सुनील कुमार यादव (31 वर्ष) पिता छोटू लाल यादव, निवासी ठाकुरटोला, थाना बोरतलाव
सराहनीय भूमिका:
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने में सहायक उप निरीक्षक गोकुल सोनकर और आरक्षक बल (आरक्षक क्रमांक 1651, 169, 1352, 532, 1893) की सराहनीय भूमिका रही।

