राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले की लालबाग थाना पुलिस ने असमाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने वाहनों के पार्ट्स और कलपुर्जों से भरे एक संदेहास्पद ट्रक को जब्त किया है। वाहन चालक मौके पर सामान से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक आदित्य कुमार (भापुसे) और डीएसपी क्राइम सत्य प्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में जिलेभर में संदिग्ध गतिविधियों और मोटर साइकिल चोरियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 16 नवंबर 2026 को थाना प्रभारी लालबाग निरीक्षक सुरेश कुमार जांगड़े को जरिये मुखबिर सूचना मिली कि एक ट्रक (क्रमांक CG 08 BJ 8095) में कार, ट्रैक्टर, मोटरसाइकिल, थ्रेशर और कूलर के पार्ट्स लोड कर चिखली से तुमड़ीबोड की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए इंदामारा चौक के पास घेराबंदी कर उक्त ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली। ट्रक के अंदर वाहनों के भारी मात्रा में पार्ट्स और कलपुर्जे भरे हुए मिले।
वैध दस्तावेज नहीं कर पाया पेश
पुलिस ने जब वाहन चालक भागवत धुर्वे (पिता मंगलू सिंह धुर्वे, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम खड़ौदा खुर्द, पुलिस चौकी बेजलपुर, जिला कबीरधाम) से ले जाए जा रहे सामान के संबंध में वैध कागजात और बिल की मांग की, तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस संबंध में उसका लिखित जवाब मिलने के बाद, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीएनएसएस (BNSS) की धारा 106 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस मामले में वास्तविक वाहन मालिक का पता लगाने और अन्य एंगल से गहन जांच कर रही है।
कार्रवाई में इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस पूरी सफल कार्रवाई को अंजाम देने में थाना प्रभारी लालबाग निरीक्षक सुरेश कुमार जांगड़े, सउनि विनय परमार, सउनि अश्वनी यदु, प्रधान आरक्षक रोहित पडौती, आरक्षक कमल किशोर यादव और साइबर सेल की टीम की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही।

