राजनांदगांव। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी ‘नमस्ते योजना’ के अंतर्गत नगर निगम राजनांदगांव के स्वच्छता दीदियों और सेप्टिक टैंक व सीवर सफाई कर्मचारियों के कौशल उन्नयन तथा व्यावसायिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
8 चरणों में दिया जा रहा है प्रशिक्षण
महापौर मधुसूदन यादव और निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण में पंजीकृत 359 स्वच्छता दीदियों और 35 सेप्टिक टैंक/सीवर सफाई कर्मियों को 8 अलग-अलग चरणों में प्रशिक्षित किया जा रहा है। ये स्वच्छता दीदियां शहर में घर-घर जाकर कचरा संग्रहण करती हैं और एसएलआरएम सेंटर में उसका पृथक्करण व उचित निपटान करती हैं।
पीपीई किट और आधुनिक उपकरणों का मिलेगा प्रशिक्षण
प्रशिक्षण का मूल उद्देश्य सफाई मित्रों को एक सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराना तथा उन्हें सम्मानजनक पहचान दिलाना है। इस दौरान कर्मचारियों को कार्य के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियां, पीपीई (PPE) किट का अनिवार्य उपयोग और आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के सही संचालन का व्यावहारिक ज्ञान दिया जा रहा है।
सरकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ
प्रशिक्षण के माध्यम से स्वच्छता कर्मियों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी जा रही है। इसमें आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना बीमा, स्वरोजगार हेतु पूंजीगत सब्सिडी तथा बैंक ऋण प्राप्त करने संबंधी योजनाओं की जानकारी शामिल है, ताकि कर्मचारी इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपना जीवन स्तर बेहतर बना सकें।

