राजनांदगांव। शहर के सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए पेयजल समस्या से निजात दिलाने वाली एक बड़ी खबर है। अमृत मिशन 2.0 योजना के तहत राजनांदगांव नगर निगम को 24×7 जल प्रदाय पायलट परियोजना के लिए 7 करोड़ 36 लाख 27 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है। राज्य शहरी विकास अभिकरण (सूडा) द्वारा इस संबंध में आदेश जारी किए जाने के बाद अब शहर के चार प्रमुख सीमावर्ती क्षेत्रों—मोहड़, मोहारा, सिंगदई और हल्दी में चौबीसों घंटे आधुनिक जलापूर्ति व्यवस्था विकसित की जाएगी।
टंकी निर्माण से लेकर बोर खनन तक होंगे काम
महापौर मधुसूदन यादव ने इसे शहर के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए विधानसभा अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक डॉ. रमन सिंह का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह के सतत प्रयासों से यह मंजूरी कम समय में मिल सकी है। प्रोजेक्ट के तहत चयनित चारों क्षेत्रों में नई पानी की टंकियों का निर्माण, बोर खनन, बोर स्थापना और पाइपलाइन सुदृढ़ीकरण जैसे बड़े कार्य किए जाएंगे। इससे जल हानि (लीकेज) रुकेगी और हर घर तक प्रेशर के साथ नियमित शुद्ध पानी पहुंच सकेगा।
अन्य वार्डों के लिए भी खुलेगा रास्ता
महापौर ने कहा कि नगर निगम नागरिकों को भरोसेमंद जलापूर्ति देने के लिए संकल्पित है। इस पायलट प्रोजेक्ट के सफल होने के बाद शहर के अन्य हिस्सों में भी इसी तर्ज पर 24 घंटे पानी की व्यवस्था लागू की जाएगी। स्वीकृति मिलते ही महापौर ने निगम आयुक्त और संबंधित अधिकारियों को तत्काल बैठक बुलाकर काम की गुणवत्ता और समय-सीमा तय करने के लिए ठोस एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
इन्होंने जताया आभार
इस स्वीकृति के लिए निगम अध्यक्ष टोपेंद्र (पारस) वर्मा, जल कार्य प्रभारी सुनील साहू, पार्षद आलोक श्रोती, चंद्रकृत साहू, मुकेश साहू और संजय रजक ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद संतोष पांडेय और महापौर मधुसूदन यादव का आभार व्यक्त किया है।

