राजनांदगांव। आगामी छठ पर्व और ऐतिहासिक मोहारा मेला की तैयारियों को लेकर नगर निगम पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में बुधवार को महापौर श्री मधुसूदन यादव और निगम आयुक्त श्री जी.आर. मरकाम ने शहर के प्रमुख तालाबों और मोहारा मेला स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने छठ पर्व के पूर्व शहर और तालाबों के आसपास साफ-सफाई, चूना-दवा छिड़काव तथा विद्युत व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान शिक्षा विभाग के प्रभारी सदस्य श्री आलोक श्रोती और पार्षद श्री चन्द्रकृत साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मोती और चिखली तालाब में रहेगी विशेष व्यवस्था, पूजा सामग्री के लिए लगेंगी जालियाँ
राजनांदगांव में हर साल की तरह इस बार भी मोती तालाब और चिखली तालाब में तीन दिनों तक श्रद्धा के साथ छठ पर्व मनाया जाएगा। पर्व के मद्देनजर महापौर श्री यादव और आयुक्त श्री मरकाम ने आज मोती तालाब का जायजा लिया।
महापौर ने स्वास्थ्य एवं तकनीकी अधिकारियों को निर्देश दिए कि तालाब के किनारे संपूर्ण घाट की विशेष सफाई की जाए, कटीली झाड़ियों को काटा जाए, डस्टबिन रखे जाएं तथा दवा का छिड़काव कर चूने की लाइन डाली जाए। उन्होंने तालाबा के रास्तों को दुरुस्त करने और पर्याप्त विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, यह भी निर्देश दिए कि तालाब के किनारे पूजन सामग्री विसर्जित करने के लिए जालियाँ लगाई जाएं, ताकि फूल-पत्ते पानी में न फैलें।
आयुक्त श्री मरकाम ने स्पष्ट किया कि सभी कर्मचारी त्योहार तक नियमित रूप से मोती और चिखली तालाब के किनारों की सफाई करेंगे और लगाई गई लाइटें प्रतिदिन जलें, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसके अलावा पूरे शहर में भी स्वच्छता व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मोहारा मेला स्थल पर पुन्नी स्नान के लिए महिलाओं हेतु बनेंगे अस्थायी चेंजिंग रूम
निरीक्षण के अगले चरण में अधिकारियों ने मोहारा मेला स्थल का जायजा लिया। यहाँ पुन्नी स्नान के दौरान आने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को ध्यान में रखते हुए व्यापक प्रबंध करने के निर्देश दिए गए।
महापौर श्री यादव ने नदी किनारे पचरी का गाद निकालकर सफाई करने, संपूर्ण मेला स्थल की साफ-सफाई और कटीली झाड़ियाँ काटकर मैदान को समतल करने के निर्देश दिए। उन्होंने मोहारा और हल्दी घाट की सफाई कर पुन्नी स्नान करने वाली महिलाओं के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम बनाने के लिए कहा। साथ ही, शौचालयों की मरम्मत, साफ-सफाई, सुचारू पेयजल और विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
आयुक्त श्री मरकाम ने कहा कि मेला स्थल पर पानी, बिजली और सफाई की समुचित व्यवस्था के साथ-साथ नदी की ओर आवश्यक सुरक्षात्मक इंतजाम किए जाएं। इसके अलावा, दुकान लगाने वालों के लिए पसरा ले-आउट प्लान तैयार करने को कहा गया है ताकि सभी दुकानें व्यवस्थित लग सकें और आपातकालीन वाहनों के आवागमन में कोई बाधा न आए।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता (संविदा) श्री यू.के. रामटेके, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी श्री राजेश मिश्रा, प्रभारी उप अभियंता श्री चिराग मेश्राम, स्वच्छता निरीक्षक श्री दीपक श्रीवास्तव, सह उद्यान प्रभारी श्री दिलीप गिरी सहित बड़ी संख्या में निगम अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

