राजनांदगांव। सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को बल्देव प्रसाद मिश्र स्कूल में वार्डों के लिए मेगा शिविर लगाया गया। सेवा सेतु कार्यक्रम ‘सरकार आपके द्वार’ के तहत आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। यहां नागरिकों को शासकीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं से जुड़े आवेदन लिए गए। शिविर में कुल 11 आवेदन मिले, जिनमें 7 मांग और 4 शिकायत से संबंधित हैं।
वार्ड क्रमांक 37 से 46 और 48 के नागरिकों के लिए आयोजित शिविर में श्रम, स्वास्थ्य, राजस्व, जल विभाग और नगर निगम सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। यहां प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड और निराश्रित पेंशन सहित हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी दी गई। महिला एवं बाल विकास विभाग ने पोषण आहार और विद्युत विभाग ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के बारे में बताया। वहीं, समाज कल्याण विभाग ने लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।
शिविर में वार्डवासियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। जनसंपर्क विभाग ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जनमन पत्रिका, ब्रोशर और पाम्पलेट का नि:शुल्क वितरण किया।
शिविर में मिले 11 आवेदनों में श्रम विभाग का एक, निराश्रित पेंशन के तीन, राजस्व विभाग का एक और जल विभाग के छह आवेदन शामिल हैं। जल विभाग के आवेदनों में दो मांग और चार शिकायत से संबंधित हैं। निगम प्रशासन ने सभी आवेदनों की विभागवार एंट्री कर प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने की बात कही है।
निगम आयुक्त जीआर मरकाम ने शिविर का जायजा लेते हुए कहा कि सभी विभागों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना और उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना है। प्राप्त आवेदनों का विभागवार परीक्षण कर प्राथमिकता तय की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घरों में सोलर पैनल लगवाने आवेदन करने की अपील की, ताकि बिजली बिल में राहत मिल सके।
इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी सदस्य शैकी बग्गा, सामान्य प्रशासन विभाग के प्रभारी सदस्य राजेश जैन रानू, वरिष्ठ सभापति खेमिन राजेश यादव तथा पार्षद हेमंत शेखर यादव, जैनम बैद, रवि सिन्हा, अमृता सिन्हा और डुरेन्द्र साहू सहित संबंधित वार्डों के पार्षदों ने शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्डवासियों को आवेदन करने में मदद की और शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत मेगा शिविरों की अंतिम कड़ी में बुधवार, 14 अक्टूबर को हाई स्कूल लखोली में शिविर लगाया जाएगा। सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित शिविर में वार्ड क्रमांक 29 से 36 तथा 47, 49, 50 और 51 के नागरिकों को विभिन्न विभागों की सेवाओं और योजनाओं की जानकारी मिलेगी।

