राजनांदगांव। हॉकी की नर्सरी के रूप में पहचान रखने वाले राजनांदगांव के खिलाड़ियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की अंतिम सूची में जिला हॉकी संघ राजनांदगांव के 26 खिलाड़ियों को स्थान मिला है। रायपुर में आयोजित चयन स्पर्धा में जिले के 35 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इतनी बड़ी संख्या में खिलाड़ियों का चयन होने से जिले के हॉकी प्रेमियों में उत्साह है। चयनित खिलाड़ियों को वरिष्ठ खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने खेल की बारीकियां बताकर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाओं के साथ रवाना किया।
छत्तीसगढ़ में हॉकी को बढ़ावा देने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के संयुक्त तत्वावधान में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता 21 अक्टूबर से एक नवंबर 2026 तक रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित होगी।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में प्रदेश की छह टीमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स हिस्सा लेंगी। प्रत्येक टीम में प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ चार अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ियों को भी शामिल किया जाएगा। इससे उभरते खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे खेल की तकनीक सीखने का अवसर मिलेगा।
जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने बताया कि लीग की टीमों के गठन के लिए 28 और 29 सितंबर को रायपुर में चयन स्पर्धा आयोजित की गई थी। इसमें राजनांदगांव के 35 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चयन प्रक्रिया के बाद जिले के 26 खिलाड़ियों को अंतिम सूची में स्थान मिला है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों के निरंतर अभ्यास, मेहनत और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। इससे जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की अंतिम सूची में राजनांदगांव के खुशाल यादव, सुखदेव निर्मलकर, तरुण यादव (बम्बू), तौफीक अहमद, कार्तिक यादव, अनीश रजा, आदित्य कुमार नेताम, संदीप यादव, करन कुमार साहू, अर्जुन यादव, आदित्य मेश्राम, मुहूर्त कौशिक, कुशल यादव, प्रांजल यादव, सोमनाथ यादव, प्रकाश पटे, प्रवीण यादव, रेहान खान, शौर्य वर्मा, पीयूष कुमार साहू, नरेंद्र निषाद, आदर्श राज सिंह, आयुष साहू, अभिषेक यादव, अमन वर्मा और दक्ष चौबे शामिल हैं।
लीग में शामिल खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ खिलाड़ियों और पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं देकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, छत्तीसगढ़ हॉकी के उपाध्यक्ष नीलम जैन, जिला उपाध्यक्ष भूषण साव, हॉकी कोच अनुराज श्रीवास्तव, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मृणाल चौबे, चंदन सिंह भारद्वाज, महेंद्र सिंह ठाकुर, आशीष सिन्हा, शिवा चौबे, किशोर धीवर, दिग्विजय श्रीवास्तव, सचिन खोब्रगढ़े, अनिल सोनी और संतोष चौखन्द्रे उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों को आवश्यक खेल संबंधी सुझाव देते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
राजनांदगांव के 26 खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में स्थान मिलने पर विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. रमन सिंह, सांसद संतोष पांडे, विधायक दलेश्वर साहू, महापौर मधुसूदन यादव और छत्तीसगढ़ युवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार सहित जिले के हॉकी प्रेमियों ने बधाई दी है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।

